मेरठ। भावनपुर के गांव नंगलासाहू गांव में शनिवार देर रात एक विवाहिता ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगाकर जान दे दी। भावनपुर थाना पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ साजिश रचने और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार मवाना थाना अंतर्गत मवाना खुर्द निवासी इमराना पुत्री अल्लाह बंदा की शादी करीब 13 साल पूर्व गांव नंगलासाहू भावनपुर निवासी नईम पत्र फैयाज से हुई थी। इमराना के भाई यूसुफ ने आरोप लगाते बताया कि उसके बहनोई नईम के मेरठ निवासी एक महिला से संबंध हैं। नईम उस महिला से शादी करना चाहता था। जिसका इमराना विरोध करती थी। इसको लेकर कई बार उसकी बहन की पिटाई की गई थी। लेकिन गांव के ही कुछ गणमान्य लोगों के समझाने बुझाने पर मामला रफा-दफा कर दिया जाता था।
पिटाई के बाद आग लगाई
आरोप है कि शनिवार देर रात इमराना का नईम से उस महिला को लेकर फिर झगड़ा हो गया था। जिस पर नईम, उसकी मां जैतून, बहन समीना और उसके पति, भाई जलालुद्दीन और उसकी पत्नी ने मिलकर इमराना की पिटाई की। जिसके बाद उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। इमराना आग के हवाले हुई तो ससुराल वाले मौके से फरार हो गए। इमराना की चीख पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसके मायके वालों और पुलिस को सूचना दी।
उसे क्यों बुलाया था
यूसुफ ने बताया कि करीब सवा माह पूर्व इमराना ने बेटी को जन्म दिया था। जिस पर घर में खुशी मनाई गई थी। इस मौके पर नईम ने अपनी प्रेमिका को भी बुलाया था, जिसका इमराना ने यह कहकर विरोध किया था कि उसका यहां क्या काम। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
बिलख पड़े मासूम
इमराना की मौत पर उसका बेटा जफर (9 वर्ष), फैजान (7 वर्ष) इल्मा (5 वर्ष) और सवा माह की बेटी निक्शा बिलख पड़े। वहीं मायके वालों में भी कोहराम मच गया।
तहरीर में उलझी पुलिस
भावनपुर पुलिस यूसुफ द्वारा दी गई तहरीर की भाषा में उलझ गई। इस मामले में पुलिस ने पहले हत्या की धारा में केस दर्ज करने की बात कही। बाद में थानाध्यक्ष भावनपुर मुकेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर नईम और अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने (120 बी आईपीसी) और धारा 306 आईपीसी (आत्महत्या के लिए उकसाने) की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
खास बात
- नंगलासाहू गांव में शनिवार देर रात हुई सनसनीखेज घटना
- पति के प्रेम संबंधों का करती थी विरोध, पति समेत छह नामजद