पति ने ससुराल वालों पर लगाया पत्नी को नहीं भेजने का आरोप, पुलिस ने जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। जुल्हैड़ा गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर शामली थानाभवन के रायपुर गांव निवासी एक परिवार मजदूरी करता है। उनके दामाद मुजफ्फरनगर के पीपलहेड़ा निवासी युवक का आरोप है कि शादी के बाद पत्नी भी अपने परिजनों संग भट्ठे पर मजदूरी करती है। वह अपनी पत्नी को लेने के लिए बृहस्पतिवार सुबह पहुंचा। यहां पत्नी ने उसके साथ मारपीट करा दी। इसके बाद वह परिजनों संग रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा तथा पत्नी को साथ भिजवाने की गुहार लगाई।
मुजफ्फरनगर के पीपलहेड़ा निवासी रोहित पुत्र मुकेश की शादी दो वर्ष पूर्व शामली थानाभवन के गांव रायपुर निवासी युवती से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद तक पत्नी उनके यहां रही। बाद में उसके मायके वाले उसे ले गए। इसके बाद उन्होंने उसकी पत्नी को नहीं भेजा। उसकी ससुराल वाले जुल्हैड़ा स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे हैं। उसकी पत्नी भी भट्ठे पर काम करती है। वह पत्नी को भेजने के लिए कहते हैं तो उसके मायके वाले भेजने से इनकार कर देते हैं। वह बृहस्पतिवार को फिर से पत्नी को लेने के लिए ईंट-भट्ठे पर पहुंचा तो उसने आने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं उसके साथ मारपीट भी करा दी। उसने फोन पर इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इस पर वे भी मौके पर आ गए परंतु मायके वालों ने पत्नी को भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद रोहित परिजनों संग थाने पहुंचा और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, पत्नी को साथ भिजवाने की मांग की। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।