क्रिकेट खेलने पर प्रहलादनगर में मारपीट, हंगामा
मेरठ। लिसाड़ीगेट के प्रहलादनगर में शनिवार को क्रिकेट खेलने के दौरान हुई मारपीट के बाद बखेड़ा हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। एक पक्ष के लोगों ने लिसाड़ीगेट थाना घेर लिया और नारेबाजी कर हंगामा किया।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला के मुताबिक प्रहलादनगर में देरशाम कुछ युवक रास्ते में क्रिकेट खेल रहे थे। इस बीच गेंद एक युवक को लग गई। युवक ने विरोध किया तो युवकों ने मारपीट कर दी। इसके बाद युवक की मां और परिवार के अन्य लोगों ने मारपीट का विरोध किया। आरोप है कि युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ करते हुए मारपीट कर दी। आरोपी घर में घुस गये और महिला, उसके दो बेटों व पुत्रवधू के साथ मारपीट की।
घटना के बाद कैलाश चंदोला के नेतृत्व में महिलाएं और अन्य लोग लिसाड़ीगेट थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सीओ कोतवाली मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। पुलिस ने तीन घायलों को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सीओ का कहना है कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है, जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
खुशहाल नगर में मारपीट, फायरिंग
मेरठ। लिसाड़ी गेट के खुशहाल नगर में तीन दिन पहले एक महिला के रिश्ते को लेकर पंचायत हुई थी। इसमें फारूक का पड़ोसी युवक से विवाद हो गया था। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने शनिवार रात फारूख के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ कर दी। बाद में आरोपी फायरिंग कर फरार हो गये। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।