कबाड़ी बाजार में दबिश, चार लड़कियां मुक्त कराईं
मेरठ। नई दिल्ली के रेस्क्यू फाउंडेशन की टीम के साथ पुलिस ने कबाड़ी बाजार में एक कोठे पर दबिश दी। वहां से राजस्थान की चार लड़कियों को मुक्त कराया गया है, इनमें दो नाबालिग हैं। कोठा संचालिका और एक ग्राहक को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसओ देहली गेट विजय गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की रेस्क्यू फाउंडेशन संस्था को सूचना मिली थी कि कबाड़ी बाजार में राजस्थान की चार लड़कियों को एक कोठे पर बंधक बनाकर रखा गया है। बृहस्पतिवार शाम फाउंडेशन टीम के साथ सीओ देहली गेट दिनेश शुक्ल के नेतृत्व में देहली गेट थाना और एंटी ह्यूमन पुलिस ने सुनैना के कोठे पर छापा मारा। एसओ देहली गेट के अनुसार मौके से चार लड़कियों को मुक्त कराया गया। वहां मिली कोठा संचालिका और एक ग्राहक रेहान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार बरामद लड़कियों ने बताया कि उन्हें बहला फुसलाकर यहां लाया गया था। शुक्रवार को इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।