100 वर्षीय वृद्धा से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब सौ साल की वृद्धा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष ने थाने में हंगामा किया।
एसओ जानी प्रेमचंद शर्मा के अनुसार बीमारी से जूझ रही यह वृद्धा रविवार रात अपने कमरे में सोई हुई थी। आरोप है कि गांव का 27 वर्षीय अंकित पूनिया घर में घुस गया और दुष्कर्म को अंजाम दिया। मामला दो बिरादरी से जुड़ा होने पर पीड़ित और आरोपी पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों से ग्रामीणों की जमावड़ा लग गया।
एसओ के अनुसार आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाने पर वृद्धा के गुस्साए परिजनों ने कहा कि यदि कानून इस हैवानियत पर आरोपी को सख्त सजा नहीं देगा तो हम खुद ही आरोपी को सबक सिखाएंगे। वहीं आरोपी पक्ष के लोग अंकित को निर्दोष बताकर समझौता कराने की कोशिश में थे। पुलिस ने पीड़ित पक्ष को सख्त कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर शांत किया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
नहीं उठा फोन:
घटना के बाद एसओ जानी और सीओ सरधना का फोन नहीं उठा। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बाद भी एसओ और सीओ ने सरकारी नंबर नहीं उठाए। एसपी देहात राजेश कुमार भी छुट्टी होने के चलते बाहर थे। ऐसे में उनका भी सीयूजी नंबर नहीं उठा। कहा कि रात में गांव में कोई बड़ी घटना हो जाए तो सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे रहेगी।