थाने में गुंडागर्दी करने वाला दरोगा गिरफ्तार
मेरठ। भावनपुर पुलिस ने रविवार को दरोगा ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। चार दिन पहले तक ओमप्रकाश थाने में एसओ कार्यवाहक थे।
एक सप्ताह पहले एसएसपी मंजिल सैनी ने भावनपुर थाने का औचक निरीक्षण किया था। इंस्पेक्टर मुकेश कुमार अवकाश पर जाते समय एसएसआई के बजाय दरोगा प्रेमप्रकाश को थाने का चार्ज दे गए थे। एसएसपी ने कार्यवाहक एसओ प्रेमप्रकाश को कड़ी फटकार लगाते हुए अवैध तरीके से थाने में बैठे तीन युवकों को लेकर जवाब मांगा था। अगले दिन मुंशी नागेंद्र चौधरी ने प्रेमप्रकाश को रवानगी करने को कहा तो उसने मुंशी की पिटाई कर दी। इसका विरोध करने पर एक सिपाही को भी पीटा। जिसके बाद दरोगा को लाइन हाजिर कर जांच बैठा दी। बुधवार को सीनियर सब इंस्पेक्टर (एसएसआई) मुकेश कुमार ने प्रेमप्रकाश को थाने से रवानगी करने को कहा तो वह गाली गलौज करने लगा। उसको रोकने का प्रयास किया तो प्रेमप्रकाश हाथ में डंडा लेकर एसएसआई मुकेश की कार के पास पहुंचा। उसने पहले मुकेश और फिर एक सिपाही की कार के शीशे तोड़ डाले। इस पर मुकेश और प्रेम प्रकाश के बीच मारपीट हुई। आरोपी प्रेमप्रकाश ने थाने में ही रिवाल्वर तान दी। पूरे मामले की वीडियो वायरल हुई तो एसएसपी ने प्रेम प्रकाश को सस्पेंड कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
दरोगा को पहले ही निलंबित कर दिया गया था। थाना पुलिस को गिरफ्तारी के निर्देश दिए गये थे। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंजिल सैनी दहल, एसएसपी
खास बात
बुधवार को थाने के दरोगा के साथ मारपीट कर दो गाड़ियों में की थी तोड़फोड़