गंगानगर/मेरठ। शादी समारोह से हंसी खुशी लौट रहे बारातियों पर बुधवार आधी रात आफत टूट पड़ी। चालक भांग के नशे में था और मवाना रोड पर यशोदा कुंज कॉलोनी के सामने बस से नियंत्रण खो बैठा। बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और डेढ़ दर्जन से ज्यादा बाराती घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मलियाना निवासी गौतम पुत्र लाल सिंह की बारात हस्तिनापुर निवासी सानिया पुत्री अमर सिंह के यहां गई थी। बुधवार देर रात करीब दो बजे बाराती बस से शहर लौट रहे थे। बस की रफ्तार काफी तेज थी। डिवाइडर से टकराकर बस पलटने पर सुरेंद्र, संजीव, गौरव, नीशू, नीरू, नीता, प्रिया, अनुराधा, अनिल, प्रियंका, मयंक, मुकुल, आजाद, पायल, राजकुमार आदि बाराती घायल हो गए। गंगानगर एसओ ओमवीर गुप्ता के मुताबिक अधिकांश घायलों को बृहस्पतिवार अस्पताल से छुट्टी मिल गई। मुकुल सिंह के पैर में फ्रेक्चर बताया गया।
दो सप्ताह में तीसरा हादसा
पुलिस के मुताबिक दो सप्ताह में इसी डिवाइडर से दो ट्रक पहले भी टकरा चुके हैं, जिसमें चालक और क्लीनर घायल हो चुके हैं। दरअसल मवाना की ओर से तेज गति में आने वाले वाहनों को मार्ग पर अंधेरा होने के कारण डिवाइडर दिखाई नहीं पड़ता। डिवाइडर पर भी कोई रिफ्लेक्टर नहीं लगा है। जिसके कारण हादसे हो रहे हैं।
खास बात
- मवाना रोड पर यशोदा कुंज कॉलोनी के सामने चालक ने बस से नियंत्रण खोया
- बुधवार आधी रात हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, डेढ़ दर्जन बाराती घायल