यह कैसा भीड़ तंत्र: सिपाही को लातों-जूतों से पीटा
ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रात में कबाड़ी बाजार में पीएसी के सिपाही पर बोला हमला
मेरठ। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में कबाड़ी बाजार के चौपले पर शनिवार रात को पीएसी के सिपाही को जमकर पीटा और सरेआम कानून हाथ में लिया। जमीन पर गिरा पीएसी सिपाही बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन लोग उसे जूतों और लात से पीटते रहे। मामले की वीडियो वायरल हो रही है जिसके आधार पर पुलिस ने जांच बैठा दी है।
इंस्पेक्टर ब्रहमपुरी बृजेश शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि पीएसी के सिपाही सचिन कुमार शनिवार रात किसी काम से ब्रह्मपुरी क्षेत्र में गए थे। लोगों का आरोप है कि सिपाही नशे मे थे। उन्होंने बताया कि कबाड़ी बाजार चौपले के पास जैसे ही सिपाही पहुंचा तो किसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनकी कहासुनी हो गई। एकाएक 15-20 लोग वहां जुटे और सिपाही को पीटना शुरू कर दिया। सिपाही छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसके बाद भी भीड़ उसे पीटती रही। पूरे मामले की वीडियो वायरल हुई तो पुलिस अफसरों ने जांच बैठा दी है। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने इंस्पेक्टर से मामलेे की जानकारी ली। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी ने बताया कि वीडियो शनिवार की ही हैै। जांच की जा रही है, मारपीट करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।