दुल्हन निकली शादीशुदा, नहीं आई बारात
मोदीनगर। कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी में बुधवार रात एक युवक की हरकत ने युवती की शादी रुकवा दी। युवक ने दुल्हन को पहले से ही शादीशुदा बताया और उसने पूर्व में हुए अपने विवाह के फोटोग्राफ वर पक्ष को दिखाए। उधर, युवती का दावा है कि युवक ने अपना धर्म छिपाकर उससे हल्द्वानी में शादी की थी। जबकि वह पूर्व में ही शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। इसके बाद उसने पूर्व प्रेमी से रिश्ते तोड़ दिए थे। वधू पक्ष की शिकायत पर एसडीएम ने कोतवाल को जांच के निर्देश दिए हैं। आरोपी युवक भागा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र की एक कालोनी निवासी युवती मेरठ की एक कंपनी में जॉब करती थी। पीड़िता के अनुसार, 2014 में जॉब के दौरान कंपनी में ही उसकी मुलाकात मोदीनगर के गांव के एक युवक से हुई थी। प्रेम प्रसंग के बाद धर्म छिपाकर युवक ने उससे उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित एक मंदिर में शादी कर ली। शादी के छह माह बाद युवती को उसके धर्म और पहले से शादीशुदा होने का पता चला। उसके तीन बच्चे भी हैं। युवती का आरोप है कि राज खुलने के बाद युवक ने उसका धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया था। मामला निवाड़ी पुलिस चौकी में पहुंचा था और चौकी प्रभारी ने दोनों पक्षों में फैसला करवा दिया। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी उसकी अश्लील फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। बुधवार को युवती शादी थी और कस्बे की एक कालोनी से बारात आनी थी। बुधवार को ही पूर्व पति (प्रेमी) ने हल्द्वानी में हुई शादी के फोटोग्राफ वर पक्ष को दिखाए। इसके बाद युवती की शादी रुक गई और बारात नहीं आई। बृहस्पतिवार को पीड़िता एसडीएम से मिली और आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। एसडीएम पवन अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच कोतवाली पुलिस को सौंप दी है। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है।
दोस्त ने खोला राज, प्रेमी ने किया ब्लैकमेल
मोदीनगर। पीड़ित युवती ने बताया कि उसके कालेज का एक दोस्त आरोपी का भी दोस्त था। 2014 में बीए की पढ़ाई खत्म करने के बाद परिवार का पालन पोषण करने के लिए काम की तलाश की। कालेज के दोस्त ने मेरठ की कंपनी में काम दिलवाया। कंपनी में काम के दौरान ही आरोपी युवक से मुलाकात हुई। उसने धर्म छिपाकर दोस्ती की। दोनों फेसबुक पर भी दोस्त बन गए। उसने फेसबुक पर भी अपना नाम बदला हुआ था। शादी के करीब छह माह बाद पीड़िता की मुलाकात कालेज दोस्त से हुई। उसने ही आरोपी युवक की करतूत का खुलासा किया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। आरोपी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था।