फैक्ट्री में टूटी लिफ्ट दबकर मजदूर की मौत
लोनी। आर्य नगर औद्योगिक क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक फैक्ट्री की लिफ्ट टूट गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर घायल हो गया। घायल युवक को साथी मजदूरों ने शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फैक्ट्री बंद कर मालिक फरार है।
लोनी कोतवाली प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि आर्य नगर औद्योगिक क्षेत्र में एक मोटर साइकिल के उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री है। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे फैक्ट्री में दो मजदूर लिफ्ट से तीसरी मंजिल पर सामान लेकर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का तार टूट गया। लिफ्ट के गिरने से मुकेश (50) की मौके पर ही मौत हो गई और सुनील (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। सुनील को फैक्ट्री में काम कर रहे लोगों ने शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मुकेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। घटना के बाद फैक्ट्री बंद कर मालिक फरार है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।