मेेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से शनिवार देर रात दो माह पहले गैंगरेप का शिकार हुई युवती का पांच हथियारबंद युवकों ने अपहरण कर लिया। इस मामले में रविवार को नामजद केस दर्ज कराया गया है।
परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी करीब 19 वर्षीय पुत्री से विगत रमजान माह के दौरान गांव के तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। उस समय जावेद, परवेज और एक अन्य के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया गया था। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। काफी दबाव बनाने पर घटना के करीब 25 दिन बाद पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए थे। लेकिन उसके बाद भी आरोपियों की तलाश में दबिश तक नहीं दी थी। जिसके कारण आरोपियों का दुस्साहस बढ़ गया।
बयानबाजी करने पर ले जा रहे हैं
युवती के पिता ने बताया कि शनिवार देर रात वह गांव में ही अपने दूसरे घर गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी, बेटी, बेटा और परिवार की चार महिलाएं थीं। इस बीच घर में घुसे पांच हथियारबंद लोगों ने परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने सभी के मोबाइल फोन छीनकर उनकी बैट्री निकाल ली। लेकिन पुत्रवधू का मोबाइल तकिये के नीचे रखा रह गया था। आरोपियों ने उसकी बेटी को कब्जे में कर लिया। धमकी दी कि ज्यादा बयानबाजी करने पर इसे उठाकर ले जा रहे हैं। इस बीच पुत्रवधू की कॉल पर वह घर पहुंचे तो आरोपी फायरिंग करते हुए उसकी बेटी का अपहरण कर ले गए।
पुलिस ने जंगल में की कांबिंग
अपहरण की सूचना पर एसओ भावनपुर कर्मवीर सिंह और सीओ सदर देहात श्रीराम अर्ज मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए युवती की तलाश में जंगल में कांबिंग की। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। एसओ ने बताया कि तहरीर पर जावेद के खिलाफ नामजद जबकि चार अज्ञात नकाबपोश लोगों के खिलाफ अपहरण की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। जावेद की तलाश में उसके घर दबिश दी गई। लेकिन वह फरार मिला। युवती की तलाश की जा रही है।
खास बात
- भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात
- घर में घुसे पांच हथियारबंद युवक, परिजनों को बंधक बनाया, फायरिंग करते हुए फरार