- राजस्थान की तीनों युवतियां, कोठा संचालिका समेत तीन गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने शुक्रवार शाम एनजीओ और ब्रह्मपुरी पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में कबाड़ी बाजार स्थित कोठे से राजस्थान की तीन युवतियों को मुक्त करा लिया। कोठा संचालिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार दिल्ली की एक एनजीओ ने शुक्रवार दोपहर एसपी सिटी रणविजय सिंह को बताया कि राजस्थान से कुछ युवतियों को लाकर कबाड़ी बाजार स्थित एक कोठे पर अनैतिक कार्यों में धकेला गया है। एसपी सिटी के निर्देश पर एएचटीयू प्रभारी बृजेश सिंह और ब्रह्मपुरी पुलिस ने एनजीओ की निशानदेही पर कोठे पर छापा मारा। काफी देर चले सर्च अभियान के बाद तीन युवतियों को बरामद कर लिया गया। एएचटीयू प्रभारी ने बताया कि मौके से कोठा संचालिका और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों युवतियां राजस्थान की हैं। ब्रह्मपुरी थाने में एनजीओ संचालक की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।