जाकिर कॉलोनी में बाइक खड़ी करने पर दो पक्ष भिड़े
मेरठ। लिसाड़ीगेट के जाकिर कॉलोनी में रविवार को घर के बाहर बाइक खड़ी करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों जमकर मारपीट हुई। महिलाओं ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। मारपीट में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
जाकिर कॉलोनी निवासी तैय्यब का अपने पड़ोस में रहने वाले सादान से विवाद चल रहा है। रविवार सुबह तैय्यब भगत सिंह मार्केट से सामान खरीदकर घर पहुंचा था। इस दौरान उसने अपने घर के सामने गली में बाइक खड़ी कर दी। इस बीच पड़ोसी सादान अपने साथी के साथ आया और बाइक हटाने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। इसके बाद बाद सादान अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ पहुंचा और तैय्यब के घर में घुसकर हमला बोल दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। महिलाओं ने छत पर चढ़कर पथराव कर दिया। इसमें तैय्यब, साजेब, राशिदा और एक युवक घायल हो गया। बाद में तैय्यबपक्ष ने जाकिर कॉलोनी पुलिस चौकी पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। वहीं सादान ने कहा कि वह रास्ते में जा रहा था तो उसे पकड़कर पीटा गया था। पुलिस ने महिला समेत दो घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट मोहम्मद असलम का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।