संस्कृति रिसोर्ट के मालिक के खिलाफ केस दर्ज
कंकरखेड़ा। शादी समारोह में मंडप से साढ़े चार लाख रुपये व चांदी के 10 सिक्के चोरी होने के मामले में पीड़ित व्यक्ति ने मंडप के मालिक को घटना का जिम्मेदार ठहराते हुए केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की तहरीर पर संस्कृति मंडप के मालिक नितिन सिंघल के खिलाफ केस दर्ज किया है।
चंद्रपाल सिंह पुत्र रणवीर सिंह निवासी ग्रीन स्टेट मोदीपुरम ने बताया कि 30 जून की रात को उसके बेटे अर्पित बालियान की शादी नेशनल हाईवे स्थित संस्कृति रिसोर्ट में संपन्न हो रही थी कि इस दौरान वह अपना नोटों से भरा बैग लिए स्वागत स्थल बैठे हुए थे कि अचानक से वहां पर लगा कूलर खराब हो गया। जिसे ठीक करने के लिए मिस्त्री लोग आ गए। उनका ध्यान ठीक किए जा रहे कूलर पर था कि अचानक से किसी ने उनका बैग चोरी कर लिया। बैग में चार लाख 45 हजार रुपए, चांदी के 10 सिक्के, कुछ गिफ्ट लिफाफे व जरुरी कागजात थे। काफी तलाश करने पर भी चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने घटना का जिम्मेदार रिसोर्ट मालिक नितिन सिंघल को ठहराते हुए तहरीर दी थी। पीड़ित का कहना है कि जिस जगह से बैग चोरी हुआ वहां पर मंडप मालिक ने सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए हुए थे। अगर कैमरे लगे होते तो निश्चित चोर पकड़ा जाता। इसलिए पूरी तरह से इस चोरी की वारदात के लिए मंडप मालिक ही जिम्मेदार है। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच के बाद मंडप मालिक नितिन सिंघल निवासी कंकरखेड़ा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
खास बातें:
- एक सप्ताह पूर्व मंडप से चोरी हुआ था नोटों से भरा बैग