मेरठ। रामताल वाटिका में शाम की सैर करने आई एक युवती की स्कूटी चोरी कर ले जा रहे आरोपी को रेलवे रोड की फैंटम पुलिस ने दबोच लिया।
एसओ रेलवे रोड के अनुसार टाउन हॉल निवासी सतीश कुमार की बेटी मंगलवार शाम रामताल वाटिका गई थी। स्कूटी खड़ी कर वो बाग में टहल रही थी कि एक चोर उसकी स्कूटी को चोरी कर ले गया। इस दौरान रामताल वाटिका के सामने से गश्त पर जा रहे थाने के सिपाही अंकित परमार और अमरजीत सिंह ने शक होने पर स्कूटी के पीछे फैंटम दौड़ा दी और उसे दबोच लिया। थाने लाकर पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम प्रवेश निवासी एल ब्लॉक शास्त्रीनगर बताया। उसके पास से रामताल वाटिका से चोरी स्कूटी बरामद कर ली गई। पूछताछ में उसने 7 जून को बागपत रोड स्थित पसवाड़ा हाउस से शिवपुरी निवासी सुबोध शर्मा की स्कूटी, 25 जून को रामताल वाटिका से पांडव नगर निवासी शोभित मोहन की स्कूटी और 26 जून को केसरगंज निवासी तुषार अग्रवाल की केसरंगज से स्कूटी चोरी करना कबूला। एसओ के अनुसार प्रवेश स्कूटी चोरी करने में दो मिनट से भी कम वक्त लगाता था। चोरी की गई स्कूटी को 5 से 10 हजार में बेच देता था।
चोरी के माल सहित गिरफ्तार
देहली गेट थाना पुलिस ने मंगलवार को घरों में चोरी करने वाले परवेज उर्फ बॉबी निवासी खुशहाल नगर ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की एक घड़ी, दो हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया है। उसने मंगलवार को भी देहली गेट क्षेत्र में चोरी की थी। उसी का माल बरामद हुआ है।