अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। कस्बे के मोहल्ला कमरानवाबान में सोमवार रात गाड़ी गली से निकालने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस पर दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। जिसमें आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं, पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है।
कस्बे के कमरानवाबान में इमरान और अल्ला बंदा के परिवार रहते हैं। इमरान गाड़ी में रखकर दाल आदि बेचता है। वह रात में गाड़ी लेकर तेज गति से गली में आया तो अल्ला बंदा के परिजनों ने धीमा चलाने के लिए कहा। इस पर इमरान थोड़ी देर में परिजनों के साथ वहां पहुंचा। इस पर अल्लाबंदा के परिजन भी आ गए। इस पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। जिसमें इमरान पक्ष भारी पड़ गया। जिसके चलते अल्लाबंदा पक्ष के मीनू, यूनुस, अयूब, मुस्तकीम पुत्रगण अल्लाबंदा, नदीम पुत्र मीनू, भोलू पुत्र मुस्तकीम, कल्लू पुत्र यूनुस, सद्दाम पुत्र इस्लाम आदि घायल हो गए। इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को जानकारी दे दी।
इस पर पुलिस मोहल्ला कमरानवाबान पहुंची। जिससे देखकर हमलावर पक्ष फरार हो गया। इस पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद चिकित्सकों ने उनका उपचार कराया। इसके बाद अल्लाबंदा पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी दिलीप सिंह ने पीड़ित पक्ष ने मामले की जानकारी ली। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
वर्जन
पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर थाने में आ गई है। इस मामले की जांच कराकर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी मनमानी करने नहीं दी जाएगी। - दिलीप सिंह, प्रभारी कोतवाली सरधना।
मुख्य बातें
मोहल्ला कमरानवाबान में देर में गाड़ी तेज गति से निकालने पर हुआ विवाद
पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया