- आबूलेन से हुआ था अरसम का अपहरण, सदर थाने में रिपोर्ट
- पुलिस की एक टीम डासना और दूसरी टीम मुजफ्फरनगर रवाना
- सीसीटीवी कैमरे में स्कूटी पर जाता दिखाई पड़ रहा है अरसम
फोटो
मेरठ।
स्क्रैप कारोबारी व जली कोठी के व्यापार संघ के प्रधान हाजी इरफान कुरैशी के बेटे अरसम का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस की पांच टीमों के संग एसटीएफ को अरसम की तलाश में लगाया गया है। पुलिस की एक टीम डासना गाजियाबाद व दूसरी टीम मुजफ्फरनगर गई है। पुलिस के मुताबिक जिस नंबर से कॉल आई, उसकी लोकेशन डासना में बताई गई है।
देहलीगेट क्षेत्र के पटेलनगर निवासी हाजी इरफान कुरैशी का बेटा अरसम शुक्रवार को आबूलेन पर गया था। बदमाशों ने अरसम का अपहरण कर उसकी स्कूटी कंपनी बाग पार्किंग में छोड़ दी। शाम 5:45 बजे दो करोड़ रुपये की फिरौती की कॉल आई। बदमाशों ने अरसम की फोन पर उसके भाई से बात कराई। पुलिस शुक्रवार रातभर अरसम की तलाश में लगी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।
हाजी इरफान की तहरीर पर शनिवार को सदर बाजार थाने में अरसम के अपहरण का मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामला गंभीर होते देखकर पुलिस अधिकारियों ने अरसम की तलाश में एसटीएफ की टीम को भी लगाया है। एसपी सिटी मानसिंह चौहान का कहना है कि बदमाशों ने फिरौती के लिए अलग अलग नंबरों से कॉल की है। पुलिस की एक टीम डासना और दूसरी मुजफ्फरनगर भेजी गई है।
दिनभर कारोबारी के घर लगा तांता
अरसम के अपहरण और फिरौती मांगने की खबर शहर में आग की तरफ फैली। शनिवार को कारोबारी हाजी इरफान के घर पर आने जाने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। फिरौती की कॉल आने के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी कैमरे में दिखाई पड़ा अरसम
पुलिस ने शनिवार को आबूलेन बाजार दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। पुलिस का दावा है कि फुटेज में अरसम स्कूटी पर जाता दिखा है। लेकिन बदमाशों नहीं दिखाई दिए। गांधी बाग पर पुलिस के तीन सीसीटीवी कैमरे लगे है, जोकि खराब पड़े है। पुलिस ने माना कि अगर वह कैमरे ठीक होते तो शायद पता चल जाता कि स्कूटी कौन खड़ी करके गया है।