मेरठ।
सिविल लाइन की पाश कॉलोनी साकेत में बृहस्पतिवार को एक उद्यमी की कोठी में नौकर का शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसके परिजनों को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि नौकर की हत्या हुई या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन नीरज मलिक के मुताबिक साकेत ए-58 में फैक्ट्री मालिक दमन वत्स अपनी पत्नी व पुत्र-पुत्री के साथ रहते हैं। कोठी पर रसोइयां गोपाल (35) पुत्र पदमराम भी रहते थे। बृहस्पतिवार सुबह गनमैन ज्ञानसिंह ने सर्वेंट क्वाटर में पंखे पर गोपाल का शव लटका देखा। साकेत चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बताया कि गोपाल मूल निवासी उत्तराखंड अलमोड़ा के सोमेश्वर थानाक्षेत्र के पंत मनोचर गांव का हैं। दो साल से वह व्यापारी के मकान में नौकरी कर रहा था।
मौत के पीछे गहरी साजिश
पुलिस के मुताबिक गोपाल के परिजनों का कहना है कि वह आत्महत्या नहीं कर सकता। उसकी मौत के पीछे कोई गहरी साजिश हो सकती है। शुक्रवार सुबह गोपाल का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही गोपाल की मौत के बारे में कुछ कहा जा सकता हैं। नौकर की मौत का व्यापारी के परिवार को भी सदमा लगा हैं।