मेरठ। एनआरआई प्रोफेसर से लालकुर्ती पैठ में दस दिन पहले बैग लूट लिया गया। पीड़ित महिला तब से रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए लालकुर्ती थाने के चक्कर काट रही है। लेकिन पुलिस ने एफआईआर तक नहीं लिखी।
मोहल्ला कल्याण सिंह मवाना निवासी मिर्जा बाबर की पत्नी नाजरीन मिर्जा सऊदी अरब के एक कॉलेज में प्रोफेसर हैं। नाजरीन तीन बच्चों और पति के साथ सऊदी अरब ही रहती हैं। दो सप्ताह पहले नाजरीन बच्चों के साथ अपनी ससुराल मवाना आई थीं। 22 दिसंबर को नाजरीन परिजनों के साथ लालकुर्ती पैठ में शॉपिंग करने आई थीं। तभी बदमाश उनका बैग लूटकर ले गए थे। बैग में 19 हजार रुपये, उनके जरूरी प्रमाणपत्र, सऊदी अरब की बैंकों की के पासबुक व एटीएम कार्ड थे।
नाजरीन के अनुसार उन्हें जल्द ही सऊदी अरब जाना है। लेकिन सभी जरूरी कागज बैग में थे, जो बदमाश ले गए। एफआईआर दर्ज न होने के चलते दूसरे कागज भी नहीं बन पा रहे हैं। कागजात न बनने के कारण वह विदेश भी नहीं जा पा रही है। नाजरीन के अनुसार यदि 24 घंटे में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो इसकी शिकायत उच्च स्तर पर की जाएगी। एसओ लालकुर्ती बीरेंद्र यादव का कहना है कि महिला के शिकायती पत्र पर मोहर लगाकर दी थी। लेकिन वह मान्य नहीं हुई। पुलिस अब केस दर्ज करेगी।
- पैठ में लुटा था बैग, रिपोर्ट दर्ज करने को तैयार नहीं लालकुर्ती पुलिस