दो माह की गर्भवती होने पर आरोपी युवक ने किया शादी से इंकार
अनुसूचित जाति की किशोरी के परिजनों ने दर्ज कराया मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
कंकरखेड़ा (मेरठ)। दसवीं कक्षा की अनुसूचित जाति की छात्रा से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामला सामने आया है। किशोरी के दो माह की गर्भवती होने का पता चलने पर आरोपी युवक ने शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़ित पक्ष ने थाना कंकरखेड़ा पहुंचकर नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने बताया कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती क्षेत्र के ही एक युवक से हो गई थी। आरोप है कि युवक ने शादी करने का झांसा देकर कई माह तक घर से बाहर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। उसने अपने गर्भवती होने की बात जब आरोपी को बताई तो वह शादी करने के बजाय घर से फरार हो गया। किशोरी ने उसे कॉल की तो मोबाइल स्विच ऑफ आया। जिसके बाद उसने अपने परिजनों को इस संबंध में बताया।
उधर, किशोरी के गर्भवती होने का पता चलने पर परिजनों के होश उड़ गए। परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और तहरीर दी। वहीं, पुलिस ने जब किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया तो चिकित्सकों ने उसे दो माह के गर्भ से बताया। किशोरी के परिजनों ने आरोपी युवक से किशोरी से शादी कर उसे अपनाने के लिए कहा तो आरोपी और उसके परिजनों ने इंकार कर दिया। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी सावन बालियान निवासी कासमपुर कंकरखेड़ा के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के सामने पीड़िता को किया अपमानित
आरोपी के गिरफ्तार होते ही आरोपी के परिजन भी थाने पहुंच गए। जहां पर किशोरी की मां ने आरोपी से किशोरी से शादी करने का प्रस्ताव रखा। जिसके युवक के परिजनों ने ठुकरा दिया। आरोप है कि किशोरी और परिजनों को पुलिस के सामने ही अपमानित किया।
आत्महत्या करना चाहती थी
पुलिस के अनुसार किशोरी के परिजनों ने चार दिन पूर्व इस मामले में शिकायत की थी। किशोरी के पेट में दर्द की शिकायत हुई तो उसे आशंका हुई कि वह गर्भवती है। परिजनों के डर व लोकलाज की वजह से किशोरी आत्महत्या करना चाहती थी। उसने अपनी सहेली को इस बारे में बताया तो उसने रोक लिया और परिजनों को सब सच-सच बताने की सलाह दी। उसके बाद किशोरी ने परिजनों से बात की।
कैसे कराएं शादी
परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय किशोरी की उससे शादी कराने की गुहार लगाई। लेकिन पुलिस ने स्पष्ट कहा कि पुलिस किसी नाबालिग की शादी नहीं करा सकती है। वहीं, बड़ा सवाल यह भी है कि किशोरी के पेट में पल रहे बच्चे का क्या होगा।