अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़। थाना पुलिस ने भारी फोर्स के साथ गंगा किनारे धधक रही कच्ची शराब की भट्ठियों को तोड़कर हजारों लीटर लहन नष्ट किया। पुलिस को देख माफिया मौके से फरार हो गए। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप है।
होली के त्योहार के चलते खादर क्षेत्र में शराब माफिया ने दर्जनों कच्ची शराब की भट्ठियां चला रखी हैं। गंगा किनारे कच्ची शराब की भट्ठियां धधक रही थीं। सोमवार को थानाध्यक्ष शिवदत्त सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स ने गंगा किनारे छापा मारकर दर्जनों भट्ठियों को तोड़कर हजारों लीटर लहन नष्ट किया। वहीं, पुलिस को देख शराब माफिया गंगा में कूदकर फरार हो गए। पुलिस ने गांव खरखाली, नीमका, मिर्जापुर, कुंडा, वीरनगर, झब्बापुरी, नारंगपुर, पसवाड़ा, रहदरा, चितवाना शेरपुर, शिवपुरी आदि में शराब माफिया की धरपकड के लिए अभियान चलाया। हालांकि कोई भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। इसके बाद पुलिस ने नगर के समीप लोधीपुरा नहर बस्ती में छापा मारा परंतु कच्ची शराब नहीं मिल पाई। थानाध्यक्ष शिवदत्त सिंह ने बताया कि कच्ची शराब बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान चला कर शराब माफिया पर शिकंजा कसा जाएगा।