बेटे का अपहरण कर पति से बैनामा कराने का आरोप
- परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव की एक महिला ने लगाया आरोप
मवाना। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर बेटे का अपहरण कर पति से जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। महिला ने शुक्रवार को रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बेटे को सकुशल बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी महिला दया ने बताया कि उसका पति मानसिक रुप से कमजोर है और वह शराब पीने का आदी है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उसके पति ने शराब के लिए रुपये उधार लिए थे। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने उसके पति को शराब भी पिलाई और शुक्रवार को रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा कराने के लिए उसके पति को ले आया। मामले की जानकारी जब उसे हुई तो वह रजिस्ट्री कार्यालय पहुंची, परंतु तब तक बैनामा हो चुका था। महिला ने बेटे का अपहरण कर बैनामा कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और मामले की जानकारी यूपी 100 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेटे को सकुशल बरामद कर रजिस्ट्री कार्यालय पर मौजूद एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामले की तहरीर दी है। थाना प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कोई कार्रवाई होगी।