एडमिशन के बाद कॉलेज में पहली बार रखा था कदम
अमितेश कुमार पांडेय
मोदीनगर। कालेज में अंजली की मौत हजारों सवाल छोड़ गई है। अंजली ने एडमिशन के बाद शुक्रवार को कालेज में पहला कदम रखा था। अंजली आईएएस बनकर समाज व परिवार की सेवा करना चाहती थी। अंजली क्लास में क्यों नही गई। बाहर खडे होने का क्या मकसद था। इन सवालों का जवाब पुलिस व कालेज प्रबंधन तलाश रहा है।
सुदामापुरी कालोनी निवासी अंजली शुरू से ही होशियार थी। परिजन कहते हैं कि अंजली छोटे भाई मोनू के सपने को साकार करना चाहती थी। इसके लिए वह खुद आईएएस बनने के लिए सपने देखी थी। उसने शुक्रवार को पहली बार कदम रखा था। उधर, कॉलेज की दूसरी व तीसरी मंजिल की बाउंड्री पर लोहे की जाल लगाने का निर्णय प्रबंधन ने लिया है। यह जानकारी प्राचार्य आरसी लाल ने दी। उधर, पुलिस भी तहकीकात में जुटी है। एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
हंगामे की आशंका पर पुलिस रही अलर्ट
मोदीनगर। कॉलेज की तीसरी मंजिल से बीएससी की छात्रा अंजली के गिरते ही परिसर में अफरातफरी मच गई। आसपास के स्टूडेंट्स ने आननफानन में उसके पास पहुंचे और घायल अंजली को अस्पताल पहुंचाया। हंगामे की आशंका पर पुलिस बल तैनात किया गया। विधायक मंजू शिवाच ने घर जाकर पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी। कालेज प्रबंधन से जुड़े लोग भी अंजली के घर पहुंच गए। निजी अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि अंजली के सिर से ज्यादा खून निकल जाने के कारण उसकी मौत हुई।