भट्ठा कारोबारी से फिर मांगी 50 लाख की रंगदारी
मेरठ। भट्ठा कारोबारी और भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता काले से कुख्यात सतीश गिरी के नाम से फिर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पीड़ित पक्ष ने एसपी क्राइम से मिलकर सुरक्षा की मांग की है।
मोहल्ला पंजाया, ब्रह्मपुरी निवासी पार्षद राजीव गुप्ता का किला रोड पर ईंट भट्ठा है। करीब डेढ़ साल पहले भावनपुर के स्याल गांव निवासी सतीश गिरी ने पार्षद पर 50 लाख की रंगदारी न देने पर जानलेवा हमला किया था। पार्षद को तीन गोलियां लगी थीं। जिसमें उनकी जान बमुश्किल बची थी। इस हमले में सतीश गिरी गिरफ्तारी के बाद से मुरादाबाद जेल में है। इससे पहले भी सतीश मेरठ कचहरी में पेशी के दौरान पार्षद के भाई पंकज मंगल से रंगदारी मांग चुका है। अब फिर से रंगदारी का पत्र मिलने पर पंकज मंगल ने सोमवार को एसपी क्राइम से शिकायत की है। एसपी क्राइम शिवराम यादव ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पत्र पर लिखी अप्रैल की डेट
रंगदारी की यह चिट्ठी राजीव काले गुप्ता के आवासीय पते पर डाक से भेजी गई है, जिसमें लिफाफे पर प्रेषक मो. नाजिम पुत्र मो. अख्तर निवासी मोहल्ला दिवान खाना मुरा. लिखा है। जिसमें तिथि 12 अप्रैल 2018 की दर्ज है। जबकि चिट्ठी में सतीश गिरी के नाम से 50 लाख की रंगदारी मांगते कहा गया कि वह राजीव गुप्ता पर जानलेवा हमले की पेशी पर 16 तारीख को मुरादाबाद जेल से मेरठ कचहरी आएगा। धमकी दी गई कि यह आखिरी पर्चा भेज रहा हूं।
खास बातें:
मुरादाबाद जेल में बंद है मेरठ निवासी कुख्यात सतीश गिरी
पीड़ित पक्ष ने पुलिस अफसरों से लगाई सुरक्षा की गुहार