रालोद नेताओं का एसएसपी ऑफिस पर हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
बिजनौर में दो सप्ताह पहले दरोगा सहजोर मलिक की हुई हत्या के खुलासे की मांग को लेकर शनिवार को पूर्व मंत्री के साथ रालोद नेताओं ने पुलिस ऑफिस पर प्रदर्शन किया। रालोद नेताओं ने डीजीपी के नाम एसपी सिटी को एक ज्ञापन भी सौंपा।
पूर्व मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन के नेतृत्व में रालोद नेता एडीजी मेरठ जोन के ऑफिस पहुंचें। वहां जानकारी मिली कि नवागत एडीजी चार्ज संभाल रहे हैं। उसके बाद रालोद नेता एसएसपी ऑफिस पहुंचे और हंगामा कर दिया। इस दौरान एसपी सिटी मान सिंह चौहान पुलिस ऑफिस पहुंचे और रालोद नेताओं को समझाकर शांत कराया। रालोद नेता सुनील रोहटा ने कहा कि एसपी साहब, बिजनौर में एक दरोगा की नृशंस तरीके से हत्या कर दी जाती है। दो सप्ताह बीतने के बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी नहीं दी गई है। पूर्व मंत्री ने कहा कि यदि जल्द ही दरोगा की हत्या का खुलासा नहीं हुआ तो इसके लिए महापंचायत कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। यशवीर सिंह ने कहा कि पिछले एक माह से सरधना, रोहटा, सरूरपुर और दौराला क्षेत्र में लूट और चोरी की वारदात बढ़ रही हैं। एसपी सिटी ने कहा कि पीड़ित परिवार को नौकरी और आर्थिक सहायता के लिए प्रशासन को अवगत करा दिया जाएगा। जल्द ही मामले का खुलासा होगा। इस दौरान राजकुमार सांगवान, राजेंद्र चिकारा, पूर्व विधायक परवेज अलीम, राजेंद्र प्रमुख, विनय मल्लापुर, भोपाल गुर्जर आदि मौजूद रहे।
खास बातें
बिजनौर में दो सप्ताह पहले हुई दरोगा की हत्या के खुलासे की मांग की
फोटो