बीती रात नंगली मार्ग पर हुई मुठभेड़ में चार बदमाशों व दो पुलिसकर्मियों को लगी थी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम/दौराला।
नंगली मार्ग पर बृहस्पतिवार रात हुई मुठभेड़ में पकड़े गए छह बदमाशों को शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। मुठभेड़ में चार बदमाशों और दो पुलिसकर्मियों के पैर में गोली लगी थी।
एसओ दौराला रितेश कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार रात दादरी पुलिस चौकी के सामने वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान खतौली की ओर से आ रही एक इनोवा कार में सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर कार को नंगली मार्ग पर घेर लिया। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। सूचना पर एसएसपी नितिन तिवारी भी मौके पर पहुंचे। मुठभेड़ में बदमाश जितेंद्र पुत्र पवन निवासी जाटली झाझर हरियाणा, अदम्य पुत्र सहदेव निवासी न्यू भारत नगर भिवानी, योगेश पुत्र प्रेम कुमार निवासी कीर्ति नगर भिवानी, योगेश पुत्र दयानंद निवासी भिवानी खेड़ी सहित दो पुलिस कर्मी सुधीर और गौरव घायल हो गए थे। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल बदमाशों और उनके दो अन्य साथियों आशुतोष निवासी भिवानी एवं नीरज निवासी भिवानी को पकड़ लिया था। उनके कब्जे से तीन पिस्टल और दो तमंचे बरामद किए थे। सीओ दौराला जितेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों से कई अहम जानकारी मिली हैं।
गैंग लीडर को मारकर खुद बना मुखिया
मोदीपुरम। पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश हरियाणा के अजय जोटा गैंग के हैं। बदमाश अदम्य ने फरवरी माह में गैंग के सरगना अजय जोटा की हत्या कर दी थी। उसके बाद से वह खुद इस गैंग को चला रहा था। अदम्य की हत्या में वह वांटेड भी है। अदम्य पर हरियाणा के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।