सरधना। कोतवाली क्षेत्र के गांव मढियाई का एक पक्ष बृहस्पतिवार को सीओ से मिला तो दूसरे पक्ष ने कोतवाली में शिकायत की। सैनी समाज के युवक ने ग्राम प्रधान के दो बेटों पर मारपीट करने तथा गांव छुड़ा देने की धमकी देने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं वह वृद्ध मां के साथ गांव छोड़कर लावड़ चला गया। उधर, ग्राम प्रधान ने भी सैनी समाज के युवक पर घर के सामने कूड़ा डालकर गंदगी करने तथा सरकारी मकान नहीं बनवाने पर भुगत लेने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने एक हमलावर एवं दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मढियाई गांव निवासी मुकेश सैनी पुत्र रामचंद्र ने बृहस्पतिवार को कार्यालय पहुंचकर सीओ संतोष कुमार को शिकायती पत्र सौंपा। मुकेश सैनी के साथ सैनी समाज के लोग भी सीओ से मिले। मुकेश सैनी ने बताया कि बीती दस दिसंबर को वह अपने घर के बाहर नाली साफ कर रहा था। आरोप है कि ग्राम प्रधान के दो बेटों ने उससे गालीगलौज की। इतना ही नहीं उसे गांव छोड़ने की धमकी दी। मुकेश सैनी ने इस बाबत मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिकायत की। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते उसने बृहस्पतिवार को गांव से पलायन कर दिया। मुकेश अपनी वृद्ध मां जमुना के साथ मढियाई में मकान का ताला लगाकर चला गया। इस पर सीओ संतोष कुमार ने पुलिस को मामले की जांचकर कार्रवाई के लिए आदेशित किया। सीओ से विक्की सैनी, वीरेंद्र सैनी, मोनू, कपिल सैनी, दीपक, मनीष सैनी, अजय, सूरज, सुमित, सोनू सैनी, जतिन सैनी एवं अर्जुन कुमार आदि ने भी मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। उधर, ग्राम प्रधान जमील उर्फ मुन्ना ने भी कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि मुकेश सैनी उस पर अपात्र होते हुए भी सरकारी योजना के तहत मकान दिलाने का दबाव बना रहा था। सरकारी मकान नहीं बनने पर मुकेश ने उनके घर पर आकर अभद्रता की तथा धमकी भी दी। ग्राम प्रधान ने बताया कि यह मामला ग्रामीणों के सामने आया तो उन्होंने पुलिस से शिकायत करने से रोक दिया था। उन्होंने बताया कि मुकेश का परिवार लावड़ में भी रहता है। यहां घर में उसकी मां जमुना अकेली रहती थी। प्रधान का कहना है कि मुकेश सैनी के पलायन की उन्हें जानकारी नहीं है। फिलहाल मामला अलग-अलग समुदाय का होने से चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, दूसरी तरफ मामला सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। इस बाबत एसपी देहात राजेश कुमार के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रधान पुत्र नईम एवं दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में सीओ संतोष कुमार का कहना है कि माहौल खराब करने की किसी को भी इजाजत नहीं है।
वर्जन
मनोज सैनी का एक भाई लावड़ में रहता है। यह भी उसके पास ही रहता है। मुकेश आज अपनी मां को लेकर लावड़ चला गया है। यहां पर पलायन जैसा कुछ भी नहीं है। गांव में रह रहे अन्य परिवारों ने भी पलायन जैसे हालात से इनकार किया है।-मनोज शर्मा, एसएसआई कोतवाली सरधना
मुख्य बातें
कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव मढियाई का मामला, पुलिस ने पलायन से किया इनकार
पीड़ित वृद्ध मां और सामान लेकर गांव से लावड़ चला गया