शास्त्रीनगर में महिला से चेन लूट
मेरठ। शास्त्रीनगर एल ब्लॉक के पास शनिवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक महिला से चेन लूट ली। सूचना के पौन घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
बिजौली निवासी पंकज त्यागी फाइनेंसर हैं। वह अपने परिवार के साथ शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में रह रहते हैं। उनकी पत्नी रूची त्यागी शनिवार सुबह एल ब्लॉक के पास मुख्य रोड पर बस से उतरकर पैदल ही अपने घर की तरफ जा रही थीं। इस दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला को आवाज लगाकर रोका। जिसके बाद बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने महिला के गले से चेन लूट ली और तमंचा तानते हुए धमकी दी। पीड़िता शोर मचाते हुए बाइक सवारों के पीछे दौड़ी, लेकिन वे फरार हो गए। बाद में हिंदू स्वाभिमान संस्था से नवीन त्यागी भी पहुंच गए और कंट्रोल रूम को सूचना दी। आरोप है कि आधा घंटे तक यूपी 100 की पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में एसओ मेडिकल को लूट की सूचना दी गई। जिसके बाद एसओ सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
काफी देर से कर रहे थे रैकी
बाइक सवार दोनों बदमाश पहले से ही एल ब्लॉक शास्त्रीनगर में अंदर वाली रोड पर रैकी कर रहे थे। काफी देर बाद दोनों युवकों ने महिला के गले में चेन देखी तो लूट ली। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। वहीं आसपास के लोगों ने बताया कि नौचंदी क्षेत्र में आरटीओ रोड और हापुड़ रोड से बदमाश आकर शास्त्रीनगर में लूटपाट करते हैं।