मेरठ। अवैध शराब, सट्टेबाजी और नशीले पदार्थों की बिक्री के विरोध में व्यापारियों ने शुक्रवार को टीपी नगर थाना घेर लिया। अवैध धंधों में लिप्त लोगों के नाम-पतों की सूची सौंपी।
संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शुक्रवार दोपहर टीपी नगर थाने पर धरना दिया। व्यापारी नेता दीपक शर्मा, नीरज पंडित, प्रवीण गर्ग, हाजी अमजद, नरेश, शिवशंकर अरुण शर्मा, विशेष दत्त, सीमा अग्रवाल, प्रदीप धामा, अरुण शर्मा आदि ने इंस्पेक्टर परशुराम त्रिपाठी को बताया कि पूरे टीपी नगर क्षेत्र में अवैध शराब, अफीम, चरस आदि नशीले पदार्थ बिक रहे हैं। सट्टेबाजी हो रही है। घरों में महिलाएं भी शराब बेच रही हैं। गली-गली में ये सब होता है। लेकिन पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती। जो पकडे़ जाते हैं, उनके खिलाफ पुलिस मजबूत पैरवी नहीं करती। जिसके चलते वे फिर से जेल से छूटकर इस धंधे में लग जाते हैं।
मंडी चौकी प्रभारी की शिकायत
व्यापारियों ने मंडी चौकी प्रभारी के व्यवहार की भी शिकायत की। आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा अवैध शराब मंडी क्षेत्र में ही बिक रही है। लेकिन लोग जब शिकायत करने पर चौकी पर जाते हैं तो चौकी प्रभारी द्वारा अभद्रता की जाती है, चाहे शिकायत करने वाली महिला ही क्यों न हो। व्यापारियों ने अवैध शराब का धंधा बंद कराने की मांग की। इंस्पेक्टर ने तीन दिन में अभियान चलाकर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
चौकी के सामने बिकती है शराब
व्यापारियों ने इंस्पेक्टर को अवैध शराब, सट्टेबाजी कराने वालों के नाम-पते और ठिकानों की जानकारी दी। बताया कि मलियाना पुलिस चौकी के सामने संजय कालोनी में ही शराब बिकती है। रेलवे लाइन भीम नगर, चौहानपुरी तिराहा, शिवहरी मंदिर कालोनी, एकता विहार, नई बस्ती, चौहानपुरी आदि मोहल्ले के कई लोगों के नाम बताए।
महिलाओं ने भी किया हंगामा
टीपी नगर क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने गलियों में खुलेआम शराब बिकने की शिकायत की। तीन महिलाओं ने बताया कि कई साल पुराने मामलों में अभी तक कार्रवाई नही हुई। पुलिस चार्ज शीट तक नहीं लगा रही। वे चक्कर काटकर परेशान हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि उक्त तीनों मामले का रिकॉर्ड चेक किया गया तो इनमें से दो में चार्जशीट जा चुकी थी जबकि एक केस में एफआर लगा दी गई थी।