मेरठ। इस्लामाबाद निवासी 15 वर्षीय छात्र का शव ममेरे भाई की फैक्ट्री में लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का घेराव करते हुए हंगामा किया। घटना से बाद से छात्र का ममेरा भाई फरार है। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
हाजी इलियास चौक इस्लामाबाद लिसाड़ी गेट निवासी आबिद कपड़ों की कढ़ाई का काम करता है। उसका बेटा शहजान (15) प्रह्लाद नगर स्थित हरमिलाप स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। शुक्रवार सुबह शहजान ड्रेस में बैग लेकर स्कूल के लिए निकला था। लेकिन स्कूल नहीं पहुंचा। सुबह करीब 11 बजे परिजनों को सूचना मिली कि शहजान का शव उसके ममेरे भाई फैसल पुत्र आफताब की अहमदनगर स्थित फैक्ट्री में फांसी पर लटका है। परिजन वहां पहुंचे तो उस समय कारखाने में न तो ममेरा भाई मिला और न कोई कर्मचारी।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला मौके पर पहुंचे तो गुस्साए परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। परिजनों ने पहले कहा कि वह पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते। बाद में सीओ ने समझाते हुए कहा कि मौत का जो कारण होगा, वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आ जाएगा। उसी के आधार पर कार्रवाई होगी। जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सीओ के अनुसार फैसल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों और शहजान के बड़े भाई शाहबान ने बिलखते हुए कहा कि उनका बेटा सुसाइड नहीं कर सकता। उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है।
काले रंग के कपड़े से बनाया फंदा
पुलिस के अनुसार छात्र के गले में काले रंग के कपड़े का फंदा था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो न तो वहां कारखाने का मालिक मिला और न ही कोई अन्य कर्मचारी। वहीं, परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्र का ममेरा भाई फैसल और एक अन्य कहीं काम से गए थे।