रमजान को लेकर कड़ी रहेगी शहर की सुरक्षा
मेरठ। रमजान माह में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अफसरों ने तैयारी पूरी कर ली है। शहर के संवेदनशील स्थानों पर पीएसी और आरएएफ का पहरा रहेगा। एसएसपी ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को पुराने विवादों को निपटाने के निर्देश दिए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में शांति समिति की मीटिंग के भी निर्देश दिए गए हैं।
17 मई से रमजान माह की शुरूआत के साथ मुख्य मस्जिदों में तराबीह व शबीना का दौर चलेगा। जिसमेें इमलियान, गोला कुआं, कोतवाली रोड, लिसाड़ी रोड, शाही जामा मस्जिद, छीपी टैंक सहित मस्जिदों और इबादत गाहों के बाहर सुरक्षा रहेगी। एसएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि 16 मई को पुलिस लाइन में डीएम अनिल ढींगरा पुलिस और अन्य अफसरों के साथ दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों के साथ बैठक की जाएगी। दोनों ही समुदाय के लोगों से शांति व्यवस्था में सहयोग की अपील की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो कंपनी आरएएफ और तीन कंपनी पीएसी मांगी गई है। जिन स्थानों पर तराबीह होगी वहां के लिए अलग से सुरक्षा प्लान बनाया गया है।
यह हैं संवेदनशील स्थान
तराबीह को लेकर पांच साल पहले छीपी टैंक स्थित शिव चौक के समीप सड़क पर नमाज को लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए थे। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद आरएएफ तैनात करनी पड़ी थी। शहर में लालकुर्ती, कोतवाली, देहलीगेट, तीरगरान, शास्त्रीनगर एल ब्लॉक, भूमिया पुल, हापुड़ अड्डा, रेलवे रोड, गोलाबढ़, मछेरान, इंदिरा चौक, पूर्वा शेखलाल समेत शहर में 24 स्थानों पर सुरक्षा कड़ी रहेगी। देहात में मिश्रित आबादी वाले कस्बों आौर गांवों की सूची भी तैयार की जा रही है।
खास बातें:
संवेदनशील क्षेत्रों में रहेगा आरएएफ और पुलिस का पहरा
बुधवार को पुलिस लाइन में डीएम और एसएसपी शांति समिति की लेंगे मीटिंग