अस्पताल में बंधक बनाकर युवती को पीटा
मेरठ। हापुड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में युवती को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवती अस्पताल में पार्टनर है। युवती का आरोप है कि भवन स्वामी ने उसके साथ अभद्रता भी की। पीड़िता ने तहरीर देने के साथ महिला हेल्पलाइन पर भी शिकायत की है। उधर, मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
हस्तिनापुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती मेरठ में किराए पर रहती है। युवती का कहना है कि वह लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड पर एक निजी अस्पताल में पार्टनर है। युवती का आरोप है कि बिल्डिंग मालिक ने कई बार उससे बदसलूकी की। युवती ने अस्पताल में पार्टनर को फोन कर अस्पताल में बुलाया तो वह भी युवती से अभद्रता करने लगा। बिल्डिंग मालिक और पार्टनर दूसरे समुदाय के हैं। वे दोनों धर्म का नाम लेकर उसे अपशब्द कहते हैं। रविवार सुबह बिल्डिंग मालिक ने उसे कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। साथ ही उसके साथ छेड़छाड़ भी की। मारपीट के दौरान युवती बेहोश हो गई। बाद में वह किसी तरह जान बचाकर नौचंदी थाने पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि अस्पताल लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में आता है। जिसके बाद नौचंदी पुलिस ने लिसाड़ीगेट पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर पुलिस आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करेगी।
थाने में बेहोश हो गई युवती
नौचंदी थाने में आपबीती सुनाते हुए पीड़िता बेहोश हो गई। युवती ने अपने चेहरे पर चोट के निशान दिखाते हुए कहा कि उसके साथ काफी बदसलूकी की गई। यदि उसे इंसाफ नहीं मिला तो उसका मर जाना ही बेहतर है।
जागृति विहार में भी सामने आया था मामला
तीन साल पहले जागृति विहार स्थित एक नर्सिंग होम में दूसरे समुदाय के चार युवकों द्वारा एक युवती के साथ गैंगरेप और मारपीट का मामला सामने आया था। पूरे मामले की वीडियो वायरल हुई तो पुलिस हरकत में आई। जिसके बाद आरोपी जेल भेजे गए थे।