मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार से रविवार सुबह एक युवक को आधा दर्जन लोगों ने पीटकर कार में डालकर ले गए। आरोपी दुकानदार और उसके साथियों ने लेनदेन का विवाद बताकर युवक को लिसाड़ी गेट थाना पुलिस को सौंप दिया। वहीं, पीड़ित पक्ष के लोगों ने पुलिस पर आरोपी पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।
जागृति विहार सेक्टर-8 निवासी सुंदर का गढ़ रोड स्थित एक दुकानदार से पैसों को लेकर विवाद चल रहा है। दुकानदार ने उधार के पैसे मांगे। लेकिन सुंदर ने पैसे नहीं दिए। आरोप है कि रविवार सुबह दस बजे दुकानदार और उसके साथी तक्षशिला कालोनी के गेट के पास पहुंचे और सुंदर को पीटकर उठाकर ले गए। युवक की पत्नी ने मेडिकल थाने पहुंचकर अपहरण की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी दुकानदार से फोन पर जानकारी ली तो पता चला कि दोनों पक्ष लिसाड़ीगेट थाने में है। जिसके बाद पीड़ित की पत्नी लिसाड़ीगेट थाने पहुंची और हंगामा कर दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों में प्लॉट का विवाद चल रहा है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सुंदर की पत्नी ने आरोपी के खिलाफ लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर दी है।