मेरठ। शास्त्री नगर में डकैती के मामले में पुलिस 63 वें दिन भी खाली हाथ है। शनिवार को सराफ ने एडीजी ऑफिस पर पहुंचकर मेरठ जिला छोड़ने या आठ फरवरी को एसएसपी ऑफिस पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि पुलिस कुछ नहीं कर रही है और उसके परिवार को डकैतों से खतरा है।
नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में एल ब्लॉक निवासी सराफ तेजपाल सिंह वर्मा के घर पर 25 दिसंबर को डकैती की घटना हुई थी। उन्होंने बताया कि बदमाश 40 लाख रुपये का सामान ले गए। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। तेजपाल वर्मा ने कहा कि इस घटना को पुलिस गंभीर नहीं मान रही है। डकैत खुलेआम घूम रहे हैं। वे उनके साथ कभी भी कोई घटना कर सकते हैं।
सराफ का कहना है कि घटना का खुलासा करने की बजाय पुलिस उनके साथ गलत व्यवहार करती है। उन्होंने कहा कि यहां रहना उनके लिए सुरक्षित नहीं है। इन हालात में शहर या जिले से क्या वह प्रदेश से ही परिवार सहित जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को सात दिन का समय दिया है। उन्होंने कहा कि या तो वे यहां से चले जाएंगे या फिर आठ मार्च को वह एसएसपी ऑफिस पर जाकर आत्मदाह कर लेंगे। एडीजी ने पीड़ित परिवार को जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।