खेकड़ा। कस्बे के बाजार में स्थित आबिद अली के मेडिकल स्टोर का बृहस्पतिवार रात ताला तोड़कर चोरों ने 75 हजार रुपये की नकदी और हजारों रुपये की दवाइयां चोरी कर ली। शुक्रवार की सुबह चोरी की घटना का पता चलने पर आबिद अली ने पुलिस से शिकायत की।
कस्बे के मोहल्ला औरंगाबाद निवासी आबिद अली ने बताया कि बाजार में पाठशाला मार्ग पर उसका मेडिकल स्टोर है। बृहस्पतिवार रात चोरों ने उसके मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 75 हजार रुपये और दवाइयां चोरी कर लीं। शुक्रवार की सुबह मेडिकल स्टोर पर आने पर ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो चोर ईंट मारकर ताला तोड़ता नजर आ रहा है। आबिद अली ने पुलिस से चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की। इस मामले में जांच अधिकारी कोतवाली प्रभारी आशीष पुंडीर का कहना है कि कैमरे की फुटेज के आधार पर जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।