मवाना। घर से लापता रेप पीड़ित बृहस्पतिवार देर शाम कलियर में मिली। पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वह डिप्रेशन के चलते घर से चली गई थी।
उल्लेखनीय है कि पास ही के गांव निवासी आटो चालक की बेटी ने दो माह पूर्व गांव के ही युवक के खिलाफ नौकरी लगवाने के नाम पर रेप करने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी परिवार के लोग उनका उत्पीड़न कर रहे थे। दुष्कर्म में नामजद मुख्य आरोपी जेल में बंद है। दो सप्ताह पूर्व उसके लोगों ने आटो चालक की बेटी से मारपीट की थी। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर थाने आ गई थी। वहीं, दो सप्ताह पूर्व गांव कौहला के जंगल में पीड़िता के पिता आटो चालक ने बेटी को इंसाफ नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में रेप पीड़ित की मां ने आरोपी पक्ष के लोगों द्वारा प्रताड़ना से त्रस्त होकर आत्महत्या की विवश करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़ित युवती बीती बुधवार देर शाम घर से लापता हो गई। जिसकी सूचना परिजनों ने थाने में दी। इतना ही नहीं गुमशुदगी भी दर्ज कर्राई। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस और परिजन पीड़ित की तलाश में जुट गई। बृहस्पतिवार शाम पीड़ित ने फोन करके बताया कि वह कलियर में है। इस पर मवाना पुलिस उसे सकुशल लेकर आ गई। वहीं, थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद का कहना है कि पीड़ित डिप्रेशन में आकर स्वयं ही घर से निकल गई थी। उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।