मेरठ। गंगानगर क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव में बुधवार को धोखाधड़ी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला कर दिया गया। सिपाही के साथ जमकर मारपीट की गई और वर्दी फाड़ दी गई। आरोपी फरसा लेकर पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ पड़े। थाने से फोर्स बुलाया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन को गिरफ्तार कर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
अम्हेड़ा गांव निवासी हरबीर पुत्र बंशी शिक्षा विभाग से रिटायर्ड हैं। हरबीर सिंह के मुताबिक उनके मवाना स्थित पीएनबी के खाते से कुछ दिन पूर्व 45 हजार रुपये फर्जी चैक लगाकर निकाल लिए गए। मामला मवाना थाने में दर्ज है। जांच में खाते से नकदी निकालने वाला अम्हेड़ा गांव निवासी हरविंदर पुत्र ज्योति सामने आया। जिसके खिलाफ हरबीर ने गंगानगर थाने पर तीन दिन पूर्व तहरीर दी। दरोगा प्रदीप के मुताबिक हरविंदर को कई बार थाने बुलाया गया। लेकिन वह नहीं पहुंचा। बुधवार शाम दरोगा प्रदीप सिपाही पुष्पेंद्र सहित दो सिपाहियों के साथ आरोपी हरविंदर के घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस पर हमला बोल दिया। दोनोें सिपाहियों के साथ जमकर मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। इसी बीच हरविंदर का भाई नितिन पुलिसकर्मियों के पीछे फरसा लेकर दौड़ पड़ा। जिस पर पुलिसकर्मियों को वहां से भागना पड़ा। घटना की जानकारी पर यूपी-100 पुलिस और थाने से पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस ने हरविंदर, ज्योति, सुमन को हिरासत में ले लिया। नितिन फरार हो गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
महिला ने फाड़े कपडे़
पुलिस के मुताबिक आरोपी को पकड़ने के दौरान परिवार के सभी सदस्यों ने हमला बोला। महिला ने भी अभद्रता की। यहीं नहीं पुलिसकर्मियों को फंसाने के लिए खुद के कपड़े तक फाड़ डाले। बाद में पहुंची महिला पुलिसकर्मियों ने आरोपी महिला को पकड़ा।