बुधवार को जहां महिला अभ्यर्थियों ने लंबाई बढ़ाने के लिए बालों में जैल लगाकर और ऊंचा जूड़ा बनाकर पुलिस में भर्ती होने की कोशिश की। वहीं गुरुवार को पुरुष वर्ग के अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन व नापतौल की गई। यहां बायोमेट्रिक जांच के के दौरान एक व्यक्ति के दस्तावेज मेल न खाने पर उसे हिरासत में ले लिया गया।
नोडल अधिकारी भर्ती बोर्ड, संजीव वाजपेयी ने बताया कि सत्यापन के दौरान पुलिस ने बायोमेट्रिक जांच के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया है। उसका नाम अनूप कुमार पुत्र शत्रुधन सिंह, निवासी औरंगाबाद, बिहार है। अभी तक की जांच पड़ताल में सामने आया है कि युवक ने सॉल्वर के जरिए लिखित परीक्षा दिलाई थी। फिलहाल क्राइम ब्रांच उससे पूछताछ कर रही है।
कैमरे की निगरानी में भर्ती
भर्ती प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में चल रही है। नियमों का पालन कराया जा रहा है। महिला अभ्यर्थी जैल लगाकर और जूड़ा बांधकर लंबाई बढ़ाने की कोशिश में थी। जांच में यह पकड़ में आया। ऐसी अभ्यर्थी भर्ती से बाहर हो गईं हैं। -संजीव वाजपेयी, नोडल अधिकारी भर्ती बोर्ड