मवाना/मेरठ। मवाना पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर सठला के जंगल में गोतस्कर की घेराबंदी कर ली। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से गोतस्कर घायल हो गया।
एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि सठला-बहोडूपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक की स्पीड तेज कर दी। मवाना इंस्पेक्टर राजेंद्र त्यागी ने पीछा किया तो आरोपी व्यक्ति बाइक छोड़कर ईख के खेत में घुस गया और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी के पैर में लगी। आरोपी की पहचान ताजुद्दीन पुत्र मोहर्रम अली निवासी गांव सठला थाना मवाना के रूप में हुई।
एसपी देहात के अनुसार ताजुद्दीन ने पूछताछ में बताया कि उसने बुधवार रात सठला गांव के जंगल में गोवंश का कटान किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो गोवंश कटान की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थैले से जो मांस बरामद किया, वह पशु चिकित्सक ने प्रथम दृष्टया गोमांस बताया। इसके अलावा उससे एक तमंचा, दो छुरे मिले। एसपी देहात ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने भी गोमांस होना बताया। आरोपी ताजुद्दीन पहले भी चोरी और गोवंश अधिनियम में नामजद हो चुका है। साल 2011 में आरोपी चार साथियों के साथ चोरी में जेल गया था। साल 2019 में उस पर गोवध अधिनियम और पुलिस पर जानलेवा हमले का केस दर्ज है। मवाना थाने में आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला और गोवध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।