संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। किठौर पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांव बहरोड के जंगल में लाला अग्रवाल के ट्यूबवेल पर मीट से भरे तीन बोरे बरामद किए। आसपास तलाशी के दौरान गोतस्करों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में गोली लगने से एक गो तस्कर घायल हो गया।
सूचना पर थाना पुलिस ने बहरोड के जंगल में बनी कोठरी की तलाशी ली। मौके पर पशु कटान के उपकरण व तीन बोरी में मांस व खाल बरामद हुई। पुलिस द्वारा जब आसपास तलाशी ली गई तो अचानक कोठरी के पीछे से आए आधा दर्जन आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया तथा बाकी आरोपी जंगल की ओर भाग गए। गोली लगने से बसरीफ निवासी बहरोड़ा घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, पशु काटने के उपकरण बरामद किए। बाद में घायल को किठौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार का कहना है कि पुलिस मुठभेड़ में एक गोतस्कर घायल हुआ है। उसके फरार हुए साथियों की तलाश की जा रही है।