कोतवाली से पहले नौचंदी थाने पहुंचे थे युगल
कोतवाली से पहले प्रेमी युगल नौचंदी थाने पहुंचे थे। जहां पर पुलिस ने उनसे कहा था कि मामला कोतवाली का है, वहीं पर जाइए। कोतवाली थाने में लड़की की बरामदगी को लेकर दोनों ही परिवार के लोगों में बातचीत चल रही थी। सीओ कोतवाली के ऑफिस में बैठकर बात हो रही थी। इस दौरान ही युगल थाने में पहुंच गया।
मुस्कान को पकड़ते ही बेकाबू हो गया दीपक
पुलिस ने बताया कि कोतवाली में पहले लड़की ही आई थी। जबकि दीपक थाने से कुछ दूर पहले ही छुप गया था। लड़की को देखते ही उसके परिजनों ने लड़की को पकड़ लिया था। लड़की चिल्लाई तो दीपक बेकाबू हो गया। दीपक ने पहले तो मुस्कान को छुड़ाने का प्रयास किया और फिर खुद की गर्दन पर वार कर लिया।
आखिर माजरा क्या... परिजन भी नहीं मिलने दिए
अस्पताल में भर्ती घायल दीपक का पहरा दो पुलिसकर्मी दे रहे हैं। पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश है कि किसी को दीपक से मिलने नहीं देना है। उसकी मां पुलिस के सामने गिड़गिड़ाती रही कि एक बार वह अपने बेटे को देखना चाहती है। दो दिन से वह अपने बेटे से मिलने के लिए परेशान है। चर्चा यह भी है कि दीपक को किसी दूसरे ने चाकू मारा है।
पुलिस के सामने हुआ दीपक पर हमला
गढ़ रोड पर न्यूट्रिमा अस्पताल में दीपक आईसीयू वार्ड में भर्ती है। डॉक्टर और स्टाफ कह रहे हैं कि न जाने पुलिस घायल का पहरा क्यों दे रही है। मां ने कहा कि दीपक जब खुद प्रेमिका को लेकर थाने पहुंचा था तो उसे खुद की गर्दन पर वार करने की जरूरत क्या थी। चर्चा तो यह भी है कि प्रेमिका को छुड़ाने के दौरान परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में दीपक पर हमला किया है।
पुलिस ने कहा, चर्चाएं गलत
हालांकि पुलिस ने साफ कहा है कि चर्चा गलत है। दीपक ने खुद ही अपनी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया। घायल होने के बाद पुलिस ने उसका वीडियो भी बनाया था जो कि सुरक्षित है। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना कि घायल दीपक नामजद आरोपी है। हालत में सुधार होते ही उसको कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। आरोपी पुलिस कस्टडी में है।
देर रात लड़की परिजनों को सुपुर्द
सीओ कोतवाली का कहना है कि लड़की ने जान का खतरा बताया था, साथ ही परिजनों के साथ जाने की सहमति भी जता दी थी। इसके बाद लड़की और उसके परिजनों की पुलिस ने वीडियोग्राफी की। बाद में लड़की को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/