बिजनौर के नजीबाबाद में बुधवार दोपहर एक प्रेमी युगल की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं युवती के परिजनों पर प्रेमी युगल को जहर देकर मारने का आरोप है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नजीबाबाद के गांव तिसोतरा में बीती रात युवक देवेंद्र ने संदिग्ध परिस्थिति में विषैला पदार्थ खा लिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि युवक का पड़ोस की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक की मौत के बाद पारिवारिक सदस्यों ने युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है।
वहीं युवक की मौत के बाद पड़ोसी युवती ने भी सुबह जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। आनन फानन में युवती को सामुदायिक केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने युवक व युवती के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं दोनों परिवारों ने अभी तक पुलिस में तहरीर नहीं दी है। पुलिस के मुताबिक परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।