15 साल पुराने वारंट में थाने लाए गए एक व्यक्ति ने पत्नी के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस ने दंपति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दंपति ने पुलिस पर पानी में जहर देने का आरोप लगाया है।
मेरठ के गांव अझौता निवासी शिव कुमार को दौराला पुलिस वारंट जारी होने पर थाने लेकर आई थी। शिव कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के सामने ही पुलिस ने उसे पीटकर हवालात में डाल दिया। उसके मांगने पर पुलिस ने उसे जो पानी दिया, उसे पीने के थोड़ी देर बाद ही दंपति की हालत बिगड़ने लगी।
पढ़ें : लव मैरिज कर... पत्नी को छोड़ दिया बेसहारा, पीड़िता ने SSP से लगाई गुहार
वहीं थाना प्रभारी मनोज मिश्र का कहना है कि शिव कुमार के पत्नी दिव्या थाने चाय लेकर आई थी। दंपति ने थाने में चाय पी थी। उधर, शिव कुमार ने करीब 15 साल पहले गांव निवासी धर्मवीर की जमानत ली थी। लेकिन धर्मवीर के कोर्ट में नहीं जाने पर शिवकुमार के वारंट जारी हुए थे। 15 दिन पूर्व भी शिवकुमार को हिरासत में लिया गया था। लेकिन पत्नी दिव्या ने जहरीला पदार्थ खाने का नाटक किया था, पुलिस ने शिव कुमार को कोर्ट में हाजिर होने की चेतावनी देते हुए निजी मुचलके पर छोड़ दिया था।
सीओ दौराला पंकज सिंह का कहना है कि एक मामले में वांछित होने पर पुलिस शिव कुमार को थाने लेकर आई थी। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है, जिस पर कई मुकदमे दर्ज है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/