फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महासंग्राम: विधान सभा चुनाव की मतगणना खत्म

Sat, 11 Mar 2017 08:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
कताई मिल स्थित मतगणना स्थल पर मौजूद पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जनपद की सात विधानसभाओं के 72 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज कताई मिल में संगीनों के साये में होगा। कौन जीतेगा, कौन हारेगा, किसकी सरकार बनेगी? इनको लेकर प्रत्याशियों की धड़कने तेज हो गई हैं। लेकिन इन तमाम सवालों के जवाब दोपहर दो बजे तक सामने आ जाएंगे। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों के दावे करते हुए बताया कि शहर के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में पीएसी और आरएएफ तैनात रहेगी। कताई मिल में मोबाइल फोन जबकि शहर में विजय जुलूसों, रोड शो और डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। 
विज्ञापन


पांच कक्षों में होगी मतगणना 
जिला निर्वाचन अधिकारी बी. चंद्रकला ने बताया कि मतगणना सुबह ठीक 8 बजे शुरू हो जायेगी। इससे पूर्व सभी प्रत्याशियों और उनके एजेंटों को मतगणना स्थल के भीतर प्रवेश दे दिया जायेगा। सिवालखास, मेरठ दक्षिण और मेरठ कैंट विधानसभा की मतगणना एक हॉल में होगी। किठौर, सरधना, मेरठ शहर और हस्तिनापुर की मतगणना अलग-अलग कक्ष में होगी। प्रत्येक विधानसभा में 15-15 मेज मतगणना के लिए लगायी जा रही हैं, जिनमें 14-14 मेज पर मतगणना होगी और एक-एक मेज प्रत्येक विधानसभा के निर्वाचन अधिकारियों की होगी। 

शहर में 23, दक्षिण में 30 राउंड में मतगणना 
मेरठ शहर की मतगणना में 23 राउंड होंगे। मेरठ दक्षिण में 30, मेरठ कैंट में 29, सिवालखास में 23, किठौर में 25, हस्तिनापुर में 24 और सरधना में 24 राउंड में मतगणना होगी।
विज्ञापन


प्रत्येक टेबल पर चार कार्मिक
मतगणना के लिए मतगणना कार्मिकों का द्वितीय रैंडोमाइजेशन प्रेक्षकों की उपस्थिति में डीएम ने किया। इस अवसर पर 546 मतगणना कार्मिकों को रैंडोमाइजेशन के माध्यम से चुना गया। प्रत्येक टेबल पर चार कार्मिक (एक मतगणना पार्टी), जिनमें एक पर्यवेक्षक, एक काउंटिंग सुपरवाइजर व दो काउंटिंग असिस्टेंट होंगे। प्रत्येक प्रेक्षक के साथ दो मतगणना कार्मिक तैनात होंगे व आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) टेबल पर दो मतगणना पार्टी रहेेंगी। प्रत्येक विधानसभा के लिये मतगणना कार्मिकों की तीन पार्टी रिजर्व में रहेंगी।

सुरक्षा चक्र रहेगा मजबूत 
मतगणना सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। मतगणना हॉल के बाहर बेरिकेडिंग होगी, जिससे आगे सिर्फ मतगणना एजेंट और मतगणना कर्मियों को ही प्रवेश दिया जायेगा। साथ ही पूरी मतगणना की वीडियोग्राफी भी करायी जायेगी। 

मोबाइल रहेगा प्रतिबंधित 
मतगणना स्थल पर मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए मोबाइल कलेक्शन कैंप की व्यवस्था की गयी है। कम्यूनिकेशन सेंटर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए और सहायक निबंधक जिला सहकारी समितियां आने वालों की जांच कर मोबाइल जमा कराएंगे।

इन गेट से होगा प्रवेश 
मतगणना स्थल के भीतर जाने के लिए दो प्रवेश द्वार बनाये गये हैं। इनमें गेट नंबर एक जो कि पुलिस चौकी के बराबर में होगा, वहां से सभी विधानसभाओं के प्रत्याशी और एजेंट तथा मीडियाकर्मी प्रवेश करेंगे। जबकि गेट नंबर दो से अधिकारी और मतगणना कर्मचारियों को प्रवेश दिया जायेगा। 

प्रेक्षकों के साथ देखी व्यवस्था 
बी. चंद्रकला ने शुक्रवार दोपहर मतगणना स्थल के एक-एक प्वाइंट की व्यवस्था परखकर दिशा निर्देश दिए। इस दौरान सभी प्रेक्षकों के अलावा पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौजूद रहे।

यह रहेगी फोर्स 
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी के अनुसार मतगणना शुरू होने से पहले ही कताई मिल को पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स घेरे में ले लेगी। यहां छह एएसपी, 10 सीओ, 23 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, 106 दरोगा, 50 एचसीपी, 650 सिपाही, एक-एक कंपनी बीएसएफ और पीएसी लगेगी। फायर ब्रिगेड और घुड़सवार दस्ता अलग से तैनात रहेगा। विधानसभावार मतगणना स्थल पर एक-एक सीओ को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी एएसपी और सीओ कोतवाली को दी गई है। यहां सात थाना प्रभारी, सभी थानों की फोर्स और 200 रंगरूटों के अलावा एक कंपनी आरएएफ और एक कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। पुलिस, पीएसी और आरएएफ शनिवार आधी रात तक मूवमेंट में रहेगी।

ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े
एसपी सिटी ने बताया कि नतीजे आने के बाद अंदेशों को देखते हुए किसी भी प्रत्याशी के विजय जुलूस, रोड शो और डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी गई है। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। यदि उसके बाद भी कोई जुलूस आदि निकाला गया तो कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक इंस्पेक्टर और सभी ट्रैफिक सब इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर की यातायात व्यवस्था न बिगड़ने पाए।

इन इलाकों पर फोकस
शहर के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों घंटाघर, रेलवे रोड, बेगमपुल, देहलीगेट, कोतवाली, बुढ़ाना गेट, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डा, शास्त्रीनगर एल ब्लॉक पर आरएएफ और पीएसी की ड्यूटी रहेगी। शहर में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात रहेंगी।

घर तक देंगे सुरक्षा
प्रत्याशियों के जीतने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा में उनके घर तक पहुंचाया जायेगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित सीओ और थाना प्रभारी की रहेगी। राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर भी संबंधित थाने से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें