मेरठ। मलियाना होली चौक स्थित वार्ड-2 के बसपा पार्षद दीपक प्रजापति के आफिस पर मंगलवार रात कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर दी। आफिस के शीशे, एसी व अन्य सामान तोड़ दिया। पार्षद ने टीपी नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पार्षद दीपक प्रजापति ने बताया कि शिवपुरम फाटक के पास एक काॅलोनी बन रही है। उन्होंने उसका आफिस बनाया है। काॅलोनी में कुछ मकान बन गए है। आरोप है कि मंगलवार शाम उनके ऑफिस के बाहर खड़े होकर कुछ लोगों ने गाली गलौज व हंगामा करने लगे। उन्होंने साथियों के साथ मिलकर विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। यूपी 112 को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग गए। बाद में उन्हें पता चला कि कुछ लोग उनके आफिस में तोड़फोड़ कर रहे हैं। वह मौके पर पहुंचे तो आफिस के सारे शीशे टूटे हुए थे। एसी व अन्य सामान तोड़ दिया गया था। आफिस से काफी सामान गायब था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।