सरधना। बार एसोसिएशन के 2020-21 के चुनाव में बार अध्यक्ष एवं महामंत्री पद के लिए डाले गए वोट निरस्त हो जाने का मामला बुधवार को भी नहीं सुलझ सका। इस संबंध में कुछ अधिवक्ताओं ने सरधना बार एसोसिएशन की एल्डर्स कमेटी से चुनाव कराने की मांग की है।
सरधना बार एसोसिएशन में पूर्व में दो गुटों के बीच चुनाव होता था। जिसमें एक स्वर्गीय बार अध्यक्ष ठा. रामबीर सिंह राणा गुट तो दूसरा शिवराज त्यागी गुट है। जिसमें कुलदीप त्यागी शिवराज त्यागी गुट से बार अध्यक्ष पद पर चुनाव जीते थे। वर्तमान में अध्यक्ष पद निर्दलीय प्रत्याशी सैय्यद आरिफ अली विजयी हुए हैं। वहीं, रामबीर राणा गुट से महामंत्री इनाम अली रिजवी चुनाव जीते। कुलदीप त्यागी द्वारा 2015 में प्रगति बार एसोसिएशन का गठन किया। जिसमें वह प्रगति बार एसोसिएशन में अध्यक्ष बने थे। इसके बाद 2020 में सरधना बार एसोसिएशन में घर वापसी की और अध्यक्ष पद पर फिर वर्ष 2020-21 के चुनाव में पर्चा भरा। इस चुनाव में स्वर्गीय ठा रामबीर राणा गुट से ब्रजपाल शर्मा, महामंत्री मनीष कुमार चुनाव मैदान में थे, दूसरी तरफ शिवराज त्यागी गुट से माने जाने वाले कुलदीप त्यागी अध्यक्ष पद रहे। निरस्त वोट को लेकर विवाद उपजा और चुनाव परिणाम घोषित नहीं किया जा सका।
बार सभागार में बुधवार को दिनभर चुनाव अधिकारी सैय्यद आरिफ अली व अन्य अधिवक्ताओं के बीच मत्था पच्ची चली। इसके बावजूद निर्णय नहीं हो सका। वहीं, कुछ अधिवक्ताओं द्वारा चेयरमैन व सदस्यगण एल्डर्स कमेटी सरधना को पत्र लिखा है। जिसमें चुनाव परिणाम घोषित नहीं होने और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए इस चुनाव को रद्द कर एल्डर्स कमेटी की देखरेख में चुनाव कराने की मांग की है। जिसमें प्रमोद कुमार, सुनील कुमार, शराफत बेग, विक्रम सिंह त्यागी आदि शामिल रहे।
बार सभागार में अधिवक्ताओं व चुनाव कार्यकारिणी की मीटिंग में अध्यक्ष एवं महामंत्री पद पर चुनाव कराने या कैसिल वोट को रद्द कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाने पर विमर्श किया गया, लेकिन निर्णय नहीं लिया जा सका। एक-दो दिन में निर्णय लिया जा सकता हैं।-सैय्यद आरिफ अली, बार अध्यक्ष एवं चुनाव अधिकारी सरधना बार