- निगम और जोनल कार्यालय में किया जा रहा आपत्तियों का निस्तारण
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नगर निगम ने राजस्व बढ़ाने और बकाया गृहकर की वसूली में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की है। सामान्य दिनों के साथ ही छुट्टियों में भी निगम की ओर से वसूली की जाएगी। महीने के दूसरे शनिवार अधिकांश कार्यालय बंद रहे। इसके बावजूद नगर निगम और उनके तीनों जोनल कार्यालय में गृहकर वसूली का कार्य चला। करीब लगभग 3.50 लाख भवन स्वामियों से गृहकर की उगाही करने की तैयारी निगम ने शुरू की है।
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके गौतम और कर निर्धारण विनय शर्मा रोजाना मॉनीटरिंग करेंगे। महानगर में डोर-टू-डोर गृहकर के नए बिल के साथ स्वकर निर्धारण प्रपत्र भी वितरित करा दिए हैं। भवन स्वामियों के दस गुना से ज्यादा बढ़ाकर गृहकर के बिल आए हैं। आपत्तियों का निस्तारण करने व गृहकर की वसूली के लिए नगर आयुक्त ने छुट्टी वाले दिन भी अधिकारी और कर्मचारी की ड्यूटी लगा दी है।
शनिवार को नगर निगम परिसर, कंकरखेड़ा और शास्त्रीनगर जोन में गृहकर की आपत्तियों पर सुनवाई की गई। भवन स्वामियों से बकाया गृहकर जमा करने का अनुरोध किया जा रहा हैं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि आपत्तियों का निस्तारण के लिए वार्ड में भी कैंप लगाने की योजना बनाई हैं। इससे राजस्व में बढ़ोतरी की संभावनाएं हैं।