पार्षदों के खिलाफ न्यायालय जाएंगे निगम कर्मचारी
मेरठ। निगम बोर्ड बैठक के दौरान कर्मचारी और पार्षदों के बीच हुई गाली गलौज और मारपीट के मामले में कर्मचारियों ने भी पार्षदों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संयुक्त संघर्ष समिति ने जहां चार पार्षदों के खिलाफ अभी तक एफआईआर दर्ज न होने पर नाराजगी जताई है, वहीं वार्ड तीन पार्षदों की सदस्यता समाप्त कराने की मांग को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है।
कर्मचारियों ने शनिवार को बैठक की। जिसमें अध्यक्ष अनीस अहमद, आलोक शर्मा ने कहा कि बोर्ड बैठक के दौरान कर्मचारियों को जाति सूचक शब्द कहने वाले पार्षदों के खिलाफ थाना देहली गेट में तहरीर दी गयी थी, लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। पूरे मामले की मजिस्ट्रेटी जांच कराने और दोषी पार्षदों की सदस्यता समाप्त कराने की मांग को लेकर न्यायालय की शरण ली जाएगी। सभी कर्मचारियों ने एक जुट रहने का आश्वासन दिया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।