28 इलाके ग्रीन जोन में आए, किए अनलॉक
28 हॉट स्पॉट को ग्रीन जोन में तब्दील कर दिया गया है। जिन स्थानों को अनलॉक किया गया है उनमें, चांद मस्जिद, संजय कॉलोनी, मोहकमपुर, कुंडा परतापुर, प्रेम प्रयाग कॉलोनी, नई बस्ती, शिव कुंज कॉलोनी, नव शक्ति धाम बक्सर, पल्लवपुरम, पल्हेड़ा, गंगानगर एम पॉकेट, थाना कंकरखेड़ा, विकास विहार हैं।
इनके अलावा सेक्टर 3 शास्त्री नगर, डबल स्टोरी पल्लवपुरम, नेहरू नगर गली नंबर 2, नेहरू नगर गली नंबर 4, शास्त्रीनगर, इंदिरा नगर ब्रह्मपुरी, श्याम नगर मस्जिद के पास, कपसाढ़, ग्राम जंगेठी रोहटा, ग्राम रिठौरा खुर्द, सैफपुर फिरोजपुर, जानी पुलिस स्टेशन, ग्राम मऊ खास और थाना किठौर शामिल हैं।
मुजफ्फरनगर में महिला सहित चार कोरोना संक्रमित मिले
जानसठ कस्बे के अलावा एक गांव में महिला सहित चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिनमें थाने का एक सिपाही, नगर पंचायत कर्मी, नगर पंचायत कर्मी की पत्नी सहित गांव तालड़ा का ग्रामीण कोराना संक्रमित मिले हैं।
सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार को जांच में नगर पंचायत कार्यालय का एक संविदाकर्मी कोरोना संक्रमित पाया गया। दो दिन पूर्व नगर पंचायत संविदा कर्मचारी कोराना संक्रमित मिला था, अब उसकी पत्नी भी रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। थाने का एक पुलिसकर्मी व गांव तालड़ा निवासी एक ग्रामीण भी कोराना संक्रमित मिला है।
कर्मचारियों के कोराना पॉजिटिव मिलने पर दो दिन के लिए नगर पंचायत कार्यालय भी सील कर दिया गया है। नगर पंचायत ईओ विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि जो दो कर्मचारी पूर्व में पॉजिटिव पाए गए थे, उन्हें होम क्वारंटीन करते हुए दो गलियों को सील कर दिया गया है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि दो संक्रमित लोगों को बेगराजपुर के मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज में भेज दिया गया है। जबकि दो संक्रमितों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
शामली में कोरोना पॉजिटिव एक, 654 रिपोर्ट नेगेटिव
जनपद में कोरोना पॉजिटिव का एक नया केस आया है, जबकि 654 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जनपद में अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 106 हो गई है। बुधवार शाम जनपद के 655 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें शामली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है जबकि बाकी सभी 654 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
कोरोना संक्रमित युवक को कोविड अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। युवक को पूर्व में मिले कोरोना पॉजिटिव का क्लोज कांटेक्ट बताया गया है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि जनपद के 655 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। बाकी सभी रिपोर्ट नेगेटिव है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव एक्टिव केस की संख्या 106 हो गई है।