मुजफ्फरनगर: पुलिसकर्मी और बंदी भी निकले कोरोना संक्रमित
मुजफ्फरनगर जनपद में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, जो चिंता की बात है। सोमवार को 54 लोग पॉजिटिव पाए गए। इनमें दो पुलिसकर्मी, एक होमगार्ड भी शामिल है। कवाल में बनाई गई अस्थाई जेल के छह विचाराधीन बंदी भी कोरोना से संक्रमित मिले हैं।
इसके अलावा खालापार के दस लोग भी कोरोना पाजिटिव मिले हैं। देर रात पांच और अलग-अलग से संक्रमित केस मिले हैं। एक्टिव केस का आंकड़ा 215 पर पहुंच गया है, जबकि सात मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं। अब तक 601लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि सोमवार को 278 सैंपलों की रिपोर्ट आई है, जिनमें से 54 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें पुलिस लाइन में बैरक में रहने वाले दो कांस्टेबल पॉजिटिव आए हैं, इनमें एक कोर्ट मोहर्रिर, एक कवाल में तैनात है। ट्रैफिक पुलिस में तैनात एक होमगार्ड भी संक्रमित मिला है। कवाल में बनाई गई अस्थाई जेल में बंद छह विचाराधीन बंदियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा मोरना में पांच, सुजडू में एक, मुझेड़ा में एक, भटौड़ा में एक, बुढ़ाना में एक, रोहाना में एक, चरथावल में एक, बघरा में एक, बंतीखेड़ा में एक, निराना में एक, शहर में इंदिरा कालोनी में एक, गांधी कालोनी में दो, लद्दावाला में एक, हनुमान चौक में एक, कृष्णापुरी में चार, नई मंडी में एक, रामलीला टिल्ला में छह लोग पॉजिटिव मिले है। सात मरीज ठीक होकर घर लौटे है। जनपद में अब एक्टिव केस 215 हो गए है।
टिफिन पहुंचाने वाला भी संक्रमित
गांधी कालोनी में जो दो लोग पॉजिटिव आए है उनमें से एक खाने के टिफिन की सप्लाई करने वाला बताया गया है, जो रोजाना दर्जनों लोगों को खाने का टिफिन पहुंचाता था। उसके पॉजिटिव आने से उनके संपर्क में आए लोगों में हड़कंप मचा है।
कम निकल रहे मरीज
सैंपलों के हिसाब से कोरोना के मरीज काफी कम निकल रहे हैं। सोमवार को 1596 सैंपलों की जांच हुई, जिनमें 37 मरीज पॉजिटिव निकले। 718 सैंपल रिपोर्ट की जांच अभी बाकी है।